राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कम से कम 30 लोग घायल हो गए।
यह हादसा राजगढ़ थाना क्षेत्र के पिनान स्थित चैनल नंबर 100 इंटरचेंज पुलिया के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, इंदौर से दिल्ली जा रही एक ट्रेवल बस आगे चल रहे केमिकल से भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में बस चालक, एक महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए पिनान के आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अलवर और जयपुर रेफर किया गया है।
राजगढ़ थाना प्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस चालक को नींद आना सामने आ रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










