इंदौर। इंदौर के देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के ललेड़ीपुरा गांव में प्रस्तावित स्लॉटर हाउस (वधशाला) को लेकर नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। नगर पालिक निगम इंदौर की मेयर-इन-काउंसिल की बैठक में इस परियोजना की पूर्व में दी गई अनुमति को सर्वसम्मति से निरस्त कर दिया गया।
करीब 9 वर्षों से इस परियोजना का स्थानीय स्तर पर विरोध किया जा रहा था। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किए गए, जिसके बाद अंततः प्रशासन ने यह निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 में एक निजी फर्म को ललेड़ीपुरा में स्लॉटर हाउस निर्माण की अनुमति दी गई थी, लेकिन लंबे समय तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। इस दौरान ग्राम सभा ने भी 5 जून 2025 को प्रस्ताव पारित कर इस अनुमति को निरस्त करने की अनुशंसा की थी।
देपालपुर के विधायक मनोज पटेल ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए निर्माण कार्य का विरोध किया और इसे रुकवाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
मेयर-इन-काउंसिल ने आयुक्त की रिपोर्ट और दस्तावेजों पर विचार करने के बाद पाया कि परियोजना के प्रति लगातार विरोध और निर्माण कार्य में देरी को देखते हुए अनुमति निरस्त करना ही उचित है। साथ ही अनुबंध के तहत ठेकेदार पर किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्णय लिया गया है।
इस फैसले के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और इसे स्थानीय जनता के लंबे संघर्ष की जीत के रूप में देखा जा रहा है।













