सिंगापुर अपने सख्त कानूनों और अनुशासन के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। हाल ही में वहां का एक नियम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि सड़क पर गिरे आम को उठाना भी भारी जुर्माने का कारण बन सकता है।
इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर प्रियंका सिन्हा द्वारा शेयर किए गए वीडियो में बताया गया कि सिंगापुर में सड़क किनारे गिरे आम को उठाने पर 5,000 सिंगापुर डॉलर यानी करीब 3.74 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। वीडियो में पेड़ पर लगे पके आम और नीचे गिरे फल दिखाए गए हैं।
वीडियो में प्रियंका कहती हैं कि ये आम भले ही देखने में आकर्षक लगें, लेकिन उन्हें उठाना कानूनन गलत माना जा सकता है। उन्होंने बताया कि सिंगापुर में सरकारी जमीन पर लगे पेड़ों के फल भी सरकार की संपत्ति माने जाते हैं। ऐसे में बिना अनुमति पेड़ से फल तोड़ना या जमीन पर गिरे फल उठाना अपराध की श्रेणी में आ सकता है।
NParks के अनुसार, राज्य की जमीन पर लगे पेड़ और उनके फल सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इन पेड़ों की देखरेख NParks द्वारा की जाती है और किसी भी व्यक्ति को ऐसे फलों को लेने से पहले अनुमति लेनी होती है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सिंगापुर के सख्त कानूनों को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स इसे सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा का हिस्सा बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इतने कड़े नियमों पर हैरानी जता रहे हैं।










