। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती के साथ-साथ उतार-चढ़ाव का माहौल देखने को मिला। मजबूत वैश्विक संकेतों के बावजूद मुनाफावसूली के कारण बाजार की चाल में हल्की गिरावट आई, लेकिन प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बने रहे।
सुबह 10 बजे तक के कारोबार में BSE Sensex 0.19 प्रतिशत और Nifty 50 0.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
बाजार में सक्रिय शेयरों की बात करें तो Hindalco Industries, JSW Steel, Tata Steel, Infosys और Larsen & Toubro के शेयर 2.73 प्रतिशत से 1.37 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ कारोबार करते नजर आए।
वहीं दूसरी ओर Sun Pharmaceutical Industries, Tata Consumer Products, Apollo Hospitals, Coal India और Nestlé के शेयरों में 0.86 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
आज के कारोबार में कुल 2,746 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी, जिनमें से 1,866 शेयर बढ़त में और 880 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 में से 20 शेयर हरे निशान में रहे, जबकि निफ्टी के 50 में से 32 शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
BSE Sensex ने आज 566 अंकों की मजबूती के साथ 78,677 के स्तर पर शुरुआत की और शुरुआती कारोबार में 78,730 अंक तक पहुंच गया। हालांकि मुनाफावसूली के दबाव में यह गिरकर 78,241 तक आ गया। इसके बावजूद सुबह 10 बजे तक यह 144 अंकों की बढ़त के साथ 78,255 के स्तर पर बना रहा।
इसी तरह Nifty 50 ने 153 अंकों की बढ़त के साथ 24,385 पर शुरुआत की, जो बाद में गिरकर 24,275 तक आया। इसके बावजूद यह 50 अंकों की मजबूती के साथ 24,281 के स्तर पर कारोबार करता रहा।
विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार में फिलहाल मुनाफावसूली का दबाव बना हुआ है, लेकिन मजबूत वैश्विक संकेत और निवेशकों की लिवाली बाजार को सपोर्ट दे रही है।
पिछले कारोबारी सत्र में भी बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी, जहां सेंसेक्स 1,263 अंक और निफ्टी 388 अंक की मजबूती के साथ बंद हुआ था।












