बहुचर्चित मॉडल और एक्ट्रेस Twisha Sharma की मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले में पिछले कई दिनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और पति Samarth Singh को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद समर्थ सिंह को पहले कटारा हिल्स थाने ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल जांच के लिए जेपी अस्पताल भेजा गया। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उसे भोपाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां मामले को लेकर सख्त सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए समर्थ सिंह ने जबलपुर हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी, लेकिन सुनवाई के दौरान उसने याचिका वापस ले ली। इसके बाद हाई कोर्ट ने उसे जांच अधिकारी के समक्ष आत्मसमर्पण के निर्देश दिए थे।
पुलिस का कहना है कि अब आरोपी को शरण देने वालों की भी जांच की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि समर्थ सिंह इस दौरान किन स्थानों पर छिपा रहा।
गौरतलब है कि भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने वाली रिटायर्ड जज Giribala Singh की बहू ट्विषा का शव 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था। इसके बाद परिवार ने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।










