West Bengal में विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग के शुरुआती चार घंटों में यानी सुबह 11 बजे तक कुल 41.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और राज्य के कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आईं। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत बना रही है।
Election Commission of India के अनुसार, सुबह 11 बजे तक सबसे अधिक मतदान पश्चिम मेदिनीपुर जिले में 44.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके बाद झाड़ग्राम में 43.71 प्रतिशत, बांकुड़ा में 43.22 प्रतिशत और पूर्व मेदिनीपुर में 42.16 प्रतिशत मतदान हुआ।
अन्य जिलों की बात करें तो बीरभूम में 41.92 प्रतिशत, मुर्शिदाबाद में 41.59 प्रतिशत, दक्षिण दिनाजपुर में 41.17 प्रतिशत और पश्चिम बर्धमान में 40.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वहीं सबसे कम मतदान मालदा जिले में 38.22 प्रतिशत रहा। इसके अलावा कूचबिहार में 38.67 प्रतिशत, अलीपुरद्वार में 38.80 प्रतिशत और उत्तर दिनाजपुर में 39.04 प्रतिशत मतदान हुआ।
उत्तर बंगाल के जिलों में दार्जिलिंग (39.72%), कलिम्पोंग (39.61%) और जलपाईगुड़ी (39.51%) में भी मध्यम स्तर का मतदान दर्ज किया गया, जबकि पुरुलिया में 39.16 प्रतिशत वोट पड़े।
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। निर्वाचन आयोग को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी होगी।










